धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग पर किसानों का हाईवे जाम, प्रशासन ने दी लिखित सहमति
गरियाबंद। लंबे समय से धान खरीदी केंद्र की मांग कर रहे किसानों का आंदोलन आखिरकार सफल हो गया। नेशनल हाइवे जाम करने के बाद प्रशासन ने पारागांवडीह में खरीदी केंद्र खोलने की लिखित सहमति दे दी है। प्रशासन की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताई और चक्काजाम खत्म कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पारागांवडीह, जंगल धवलपुर और बेगरपाल पंचायत के करीब 15 गांवों के किसान पिछले छह साल से खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। लेकिन लगातार अनदेखी के चलते किसानों ने आज सिकासेर जीरो पॉइंट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया था।
सूचना मिलने पर एसडीएम तुलसी दास मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। वार्ता के बाद प्रशासन ने चालू सत्र में खरीदी केंद्र खोलने पर सहमति पत्र जारी किया। इसके बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और हाईवे पर आवागमन फिर से शुरू हो गया।
