Fake Marriage Bureau Scam : फर्जी मैरिज ब्यूरो का भंडाफोड़, शादी के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। राजनांदगांव में पुलिस ने एक फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा करते हुए शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी ‘लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो’ के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को शादी का झांसा देते थे और उनसे मोटी रकम वसूलते थे।
मामले की शुरुआत तब हुई जब एसपी अंकिता शर्मा को एक गुमनाम शिकायत मिली। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया और इंटरनेट से युवतियों की फोटो डाउनलोड कर उनकी फर्जी आईडी बनाते थे और व्हाट्सएप के जरिए युवकों को भेजते थे।
इसके बाद आरोपी रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30 से 40 हजार रुपये तक की ठगी करते थे। पुलिस जांच में पिछले एक साल में करीब 37 लाख 69 हजार रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने छापा मारकर मौके से 7 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 कीपैड मोबाइल और 9 रजिस्टर जब्त किए। मोबाइल की जांच में 2286 युवतियों की फोटो मिली, जिनका इस्तेमाल फर्जी प्रोफाइल बनाने में किया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या व्हाट्सएप के जरिए मिलने वाले विवाह प्रस्तावों पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

