नकली कफ सिरप बेचने पर मेडिकल संचालक गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नकली दवाओं की रोकथाम के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की सख्ती जारी है। इसी कड़ी में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली कफ सिरप बेचने वाले एक मेडिकल संचालक को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, औषधि निरीक्षक गरियाबंद ने ‘बेस्टो कॉफ ड्राई कॉफ फार्मूला’ नामक दवा का नमूना लिया था, जिसके लेबल पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं थी। नमूना परीक्षण के लिए औषधि परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया, जहां जांच के बाद इसे अमानक और फर्जी घोषित किया गया।

इसके बाद औषधि के लेबल पर लिखित निर्माता फर्म से संपर्क किया गया, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित फर्म ने यह दवा बनाई ही नहीं थी। इस प्रकार यह पूरी तरह से नकली औषधि पाई गई।

जांच के आधार पर कुलेश्वर मेडिकल एंड जनरल स्टोर्स के संचालक सीताराम साहू को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत गिरफ्तार किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि राज्य में नकली और अमानक दवाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings