Raipur cyber crime: रायपुर में इंटरनेशनल साइबर ठगी का भंडाफोड़, 3 फर्जी कॉल सेंटर से 40 आरोपी हिरासत में
रायपुर। राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने शहर के गंज थाना और राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में संचालित तीन फर्जी कॉल सेंटरों का भंडाफोड़ किया है। इन कॉल सेंटरों के जरिए विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी की जा रही थी। मामले में 40 से अधिक आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने बताया कि ये फर्जी कॉल सेंटर मुख्य रूप से अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को निशाना बनाते थे। आरोपियों द्वारा लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी की जाती थी। पकड़े गए आरोपी गुजरात, बिहार और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के निवासी हैं, जिन्हें 15 से 20 हजार रुपये वेतन पर काम पर रखा गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य खुद को अमेजॉन और एप्पल के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर अमेरिकी नागरिकों को धोखा देते थे। आरोपी इंटरनेट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबरों को सर्च रिजल्ट में ऊपर दिखाते थे, जिससे लोग तकनीकी सहायता या रिफंड के लिए कॉल करते और ठगी का शिकार हो जाते थे।
यह गिरोह शाम 7:30 बजे से सक्रिय होता था, क्योंकि उस समय अमेरिका में दिन होता है। इसी दौरान आरोपी पूरी रात विदेशी नागरिकों से संपर्क कर ठगी को अंजाम देते थे।
छापेमारी में ये किया बरामद:-
पुलिस की छापेमारी में तीनों कॉल सेंटरों से 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप और 50 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

