ऑपरेशन सिंदूर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पूर्व विधायक के खिलाफ FIR दर्ज, सोशल मीडिया पोस्ट से मचा बवाल

बिलासपुर (छत्तीसगढ़) – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा चलाए गए सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर देशभर में सराहना हो रही है, लेकिन इसी बीच छत्तीसगढ़ के एक पूर्व विधायक द्वारा इस अभियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर विवाद गहरा गया है। मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है और पूर्व विधायक अरुण तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पीएम मोदी और सेना पर की गई टिप्पणी से भड़के लोग

मामला बिलासपुर जिले के सीपत विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। यहां के पूर्व विधायक अरुण तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया। पोस्ट जैसे ही वायरल हुई, इस पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया आने लगी और सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया।

छात्र नेता ने दर्ज कराई शिकायत

इस पोस्ट के खिलाफ पन्ना नगर के रहने वाले रंजीत यादव ने सिविल लाइन थाना, बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई। रंजीत यादव ने बताया कि वह छात्र राजनीति और समाज सेवा से जुड़ा हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी, भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर के प्रति उसका गहरा सम्मान है। तिवारी की इस पोस्ट से उसकी भावनाएं आहत हुई हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक अरुण तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 352 के तहत मामला कायम किया गया है।

अब पुलिस तिवारी की फेसबुक पोस्ट की जांच कर रही है और साथ ही डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

क्या है धारा 296 और 352?

  • धारा 296 – किसी धार्मिक या सार्वजनिक भावना को आहत करने के इरादे से किया गया कार्य।
  • धारा 352 – स्वेच्छा से किसी को नुकसान पहुँचाने या डराने-धमकाने का प्रयास।

ऑपरेशन सिंदूर को लेकर देशभर में माहौल

बता दें कि कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष पर्यटक मारे गए थे, जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान के आतंकी लॉन्चपैड्स पर करारा जवाब देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में पाकिस्तान में 28 से अधिक आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए गए। इस सैन्य अभियान की देशभर में तारीफ हो रही है।

Youthwings