छत्तीसगढ़ के ज्वेलरी दूकानों में अब हेलमेट-बुर्का पहनकर एंट्री पर रोक, सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा पर लिया गया फैसला

ज्वेलरी दूकानों में अब हेलमेट-बुर्का पहनकर एंट्री पर रोक

ज्वेलरी दूकानों में अब हेलमेट-बुर्का पहनकर एंट्री पर रोक

रायपुर: नवापारा-राजिम में हुई हालिया सर्राफा लूट की घटना ने प्रदेशभर के स्वर्णकारों को झकझोर कर रख दिया है। इस वारदात के बाद सर्राफा कारोबार से जुड़े लोगों में असुरक्षा की भावना गहराई है। इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने सुरक्षा को लेकर त्वरित कदम उठाते हुए एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें अपराध रोकने और व्यापारियों की सुरक्षा बढ़ाने को लेकर अहम निर्णय लिए गए।

ऑनलाइन बैठक में प्रदेशभर के पदाधिकारी हुए शामिल

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी की अध्यक्षता में आयोजित यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया और सर्राफा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर मंथन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक साझा रणनीति तैयार करना रहा।

हेलमेट, बुर्का और स्कार्फ पहनकर दुकान में एंट्री पर रोक

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब प्रदेश की सर्राफा दुकानों में हेलमेट, बुर्का या चेहरे को ढकने वाले स्कार्फ पहनकर आने वाले ग्राहकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एसोसिएशन का मानना है कि इससे सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की स्पष्ट पहचान संभव होगी और अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा।

सीसीटीवी फुटेज को प्रभावी बनाने की पहल

इस फैसले के पीछे प्रमुख कारण यह है कि कई बार लूट या चोरी की घटनाओं में आरोपी चेहरा ढककर आते हैं, जिससे पहचान मुश्किल हो जाती है। नए नियम से दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे अधिक प्रभावी होंगे और किसी भी आपराधिक गतिविधि की जांच में पुलिस को मदद मिलेगी।

READ MORE : 500 आवारा कुत्तों की सामूहिक हत्या: ग्राम पंचायत चुनावी वादों के बाद जहर देकर मारा

जिलों से आए प्रतिनिधियों ने रखे अपने सुझाव

बैठक में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। प्रमुख रूप से कमल सोनी, प्रकाश गोलचा, हर्षवर्धन जैन, प्रदीप घोरपोड़े, संजय कुमार कनुगा, उत्तम चंद भंडारी, पवन अग्रवाल, राजू दुग्गड़ और राजेश सोनी शामिल रहे।

व्यापारियों को आधुनिक सुरक्षा इंतजाम अपनाने की सलाह

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने सभी सर्राफा व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण जैसे हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा साधन अनिवार्य रूप से लगाएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस और एसोसिएशन को देने का आग्रह किया।

राज्य सरकार और पुलिस से सुरक्षा कवर की मांग

एसोसिएशन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से सर्राफा व्यापारियों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही नवापारा-राजिम लूटकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा गया कि इससे अपराधियों में कानून का भय बनेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

Youthwings