रायपुर में हेरोइन सप्लाई करता इंजीनियर गिरफ्तार, भिलाई से खरीदी थी ड्रग्स

रायपुर में हेरोइन-ड्रग्स सप्लाई करने वाले युवकों पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार (26 सितंबर) को टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक इंजीनियर और उसके साथी को हेरोइन बेचते हुए पकड़ लिया। दोनों हेरोइन कस्टमर की तलाश कर ही रहे थे कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मामले का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने भिलाई के रहने वाले शादाब से हेरोइन खरीदी थी और रायपुर में इसे बेचने की तैयारी कर रहे थे। आरोपियों के कब्जे से 9.22 ग्राम चिट्टा और वाहन जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य युवकों की तलाश कर रही है।

आरोपी और कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम जागृत साहू और सत्यम सिंग बताए। जागृत धमतरी के श्रीनगर कॉलोनी का और सत्यम रायपुर के श्री जी वैशाली कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों को हेरोइन के साथ न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

रायपुर पुलिस की कार्रवाई

रायपुर पुलिस ने पिछले दो महीनों में 40 से ज्यादा नशीली सामग्री बेचने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस ने करोड़ों रुपये की ड्रग्स, मोबाइल और गाड़ियां जब्त की हैं। कार्रवाई रायपुर से लेकर पंजाब, मुंबई और दिल्ली तक की गई है।

सीएसपी पुरानी बस्ती राजेश देवांगन ने पुष्टि की कि पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी और ड्रग्स सिंडिकेट को पूरी तरह तोड़ा जाएगा।

Youthwings