ENG vs IND: इन 4 दमदार प्रदर्शनों से टीम इंडिया को मिली ऐतिहासिक जीत, लेकिन पांचवें फैसल ने कर दिया इंग्लैंड के साथ सबसे बड़ा खेला
ENG vs IND
ENG vs IND: लंदन के केनिंगटन ओवल में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में 6 रन से हराकर टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर कर दी। आखिरी दिन जब इंग्लैंड को सिर्फ 35 रन की दरकार थी और 4 विकेट हाथ में थे, तब मोहम्मद सिराज की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा तूफान मचाया कि जीत की तस्वीर बदल गई। इस ऐतिहासिक जीत की गूंज लंबे समय तक सुनाई देगी।
1. सिराज बने असली ‘सिकंदर’
पूरे मैच में सिराज का जादू छाया रहा। पहली पारी में 4 विकेट और दूसरी पारी में आखिरी दिन 3 अहम विकेट लेकर उन्होंने इंग्लैंड की जीत की उम्मीदें तोड़ दीं। उनके पंजे ने भारत को जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी मिला।
2. यशस्वी जायसवाल का शानदार शतक
पहली पारी में असफल होने के बाद जायसवाल ने दूसरी पारी में दबाव झेलते हुए 118 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके कवर ड्राइव और अपर कट्स ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस शतक ने भारत को मजबूत स्थिति दिलाई और मैच का रुख बदलने में मदद की।
3. नायर और जडेजा की उपयोगी पारियां
पूरी सीरीज में संघर्ष कर रहे करुण नायर ने पहली पारी में 57 रन बनाए, जिसने भारत को सम्मानजनक स्कोर दिलाया। वहीं रविंद्र जडेजा ने दूसरी पारी में अर्धशतक जमाकर भारत का स्कोर 396 तक पहुंचाया। ये दोनों पारियां भारत की 6 रन की ऐतिहासिक जीत की नींव बनीं।
4. कृष्णा और सुंदर की ऑलराउंड परफॉर्मेंस
प्रसिद्ध कृष्णा, जिन्हें बीच की दो टेस्ट से बाहर कर दिया गया था, ने धमाकेदार वापसी करते हुए इस मैच में 8 विकेट झटके और सीरीज में अपने कुल विकेट 14 कर लिए। वहीं वॉशिंगटन सुंदर ने नंबर-9 पर उतरकर 53 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसने भारत की बढ़त को और मजबूत कर दिया।
5. टीम मैनेजमेंट का साहसिक फैसला – बना मैच टर्निंग पॉइंट
भारत की जीत का सबसे बड़ा क्रेडिट टीम मैनेजमेंट के उस फैसले को जाता है, जिसमें उन्होंने दूसरे दिन नाइटवॉचमैन के रूप में आकाश दीप को भेजा। इस बिहारी बल्लेबाज ने 94 गेंदों पर 66 रन की पारी खेलकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। अगर यह फैसला न लिया जाता और आकाश दीप जल्दी आउट हो जाते, तो शायद भारत की जीत अधूरी रह जाती।
