Ambikapur encroachment:अंबिकापुर में 7 एकड़ जमीन से अवैध कब्जा हटाया, 37 मकान ढहाए गए
अंबिकापुर। अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित 7 एकड़ जमीन पर लंबे समय से बने अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने 37 कब्जाधारियों के मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव किया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित कर लिया गया।
प्रशासन के मुताबिक कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई की। मौके पर एसडीएम फागेश सिन्हा, तहसीलदार उमेश बाज और एएसपी अमोलक सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक और पुलिस टीम मौजूद रही।
नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ पहुंची और पहले लोगों को अपना सामान हटाने का समय दिया गया, जिसके बाद अवैध मकानों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि यह मामला High Court of Chhattisgarh तक गया था, जहां से राहत नहीं मिलने के बाद 2025 में बेदखली का आदेश जारी किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि कब्जाधारियों द्वारा प्रस्तुत वन अधिकार पट्टों के दस्तावेज फर्जी थे और उनमें कलेक्टर व डीएफओ के हस्ताक्षर भी नकली पाए गए।
प्रशासन अब इस मामले में अलग से एफआईआर दर्ज करने की तैयारी कर रहा है।

