Kulgam Encounter: कुलगाम में एनकाउंटर, एक आतंकी ढेर – अफसर समेत तीन जवान घायल

Kulgam Encounter

Kulgam Encounter

Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के गुड्डार इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। शनिवार को शुरू हुए इस ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया, जबकि गोलीबारी में एक सेना अधिकारी समेत तीन जवान घायल हो गए।

सेब के बागान से भागते वक्त मारा गया आतंकी

जानकारी के अनुसार, इलाके में छिपे आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तभी आतंकियों ने अचानक फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया गया, जो सेब के बागान से भागने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल इलाके को घेर लिया गया है और बाकी आतंकियों की तलाश की जा रही है।

घायल जवानों का इलाज जारी

मुठभेड़ में गोली लगने से सेना के एक अफसर और दो अन्य जवान घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए नजदीकी सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इलाके में 3-4 आतंकी मौजूद थे और उनके लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की आशंका है।

सुरक्षाबलों को मिली खुफिया जानकारी

भारतीय सेना ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली विशेष खुफिया सूचना के आधार पर यह ऑपरेशन शुरू किया गया। वहीं, सीआरपीएफ का कहना है कि उनके जवानों ने संदिग्ध हलचल देखी थी और जैसे ही उन्हें चुनौती दी गई, आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया।

इंटरनेशनल बॉर्डर पर पाक नागरिक गिरफ्तार

उधर, मुठभेड़ के बीच जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में बीएसएफ ने एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि कल देर रात सीमा स्तंभ के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी। सर्च ऑपरेशन चलाया गया और उसी दौरान एक पाक नागरिक को हिरासत में लिया गया।

फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किस मकसद से सीमा पार कर भारतीय इलाके में घुसा था। शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही उसके इरादों और पृष्ठभूमि का खुलासा हो सकेगा।

Youthwings