होली पर अंबेडकर अस्पताल में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा, ओपीडी रहेगी बंद
रायपुर । रायपुर में होली पर्व के मद्देनज़र अंबेडकर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ सहित सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए इमरजेंसी सेवाओं के निर्बाध संचालन के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
4 मार्च को होली के अवसर पर शासकीय अवकाश होने के कारण अस्पताल का बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) बंद रहेगा। हालांकि, इमरजेंसी सेवा पहले की तरह 24 घंटे निरंतर जारी रहेगी। आपात चिकित्सा विभाग में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को भी त्योहार के मद्देनज़र मजबूत किया गया है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को डीकेएस अस्पताल स्थित सुपर स्पेशियलिटी विभाग में रेफर करने के लिए अंबेडकर अस्पताल से डीकेएस अस्पताल तक एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।
अस्पताल प्रबंधन ने नागरिकों से सुरक्षित और सावधानीपूर्वक होली मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में अंबेडकर अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में आकर उपचार लेने का आग्रह किया है।
