Elephant Tusk Smuggling Busted : गरियाबंद में हाथी दांत तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटीपोचिंग टीम को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। खेत में मिले जंगली हाथी के दांत को बेचने की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को वन विभाग ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक बेशकीमती हाथी दांत और शिकार में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं।

 

वन विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि कुल्हाड़ीघाट निवासी पदमन के पास हाथी का दांत मौजूद है। टीम ने उसके घर और बाड़ी की तलाशी ली, जहां पता चला कि आरोपी ने पिछले चार वर्षों से हाथी के दांत को अपने घर की दीवार में छिपाकर रखा था।

 

पकड़े गए आरोपियों में पुसऊराम ग्राम सिहार निवासी भी शामिल है, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। वह पहले भी सांबर शिकार के मामले में आरोपी रह चुका है और जमानत पर बाहर था। जमानत के दौरान फिर से वन्यजीव अपराध में शामिल होना विभाग के लिए गंभीर मामला माना जा रहा है।

 

वन विभाग ने आरोपियों के पास से एक ठोस हाथी दांत, दो धनुष, 12 तीर, चिड़िया मारने का विशेष धनुष, जंगली सुअर का दांत, बालों का गुच्छा, दो गुलेल और अन्य सामग्री जब्त की है।

 

पूछताछ में आरोपी सुखचंद ने बताया कि उसने यह हाथी दांत वर्ष 2021 में सिहार निवासी गंगाराम से लिया था। उल्लेखनीय है कि गंगाराम की मौत सितंबर 2022 में हाथी-मानव द्वंद्व के दौरान हुई थी। हालांकि वन विभाग इस दावे को संदिग्ध मानते हुए हाथी दांत के सैंपल को डीएनए जांच के लिए देहरादून स्थित संस्थान भेज रहा है, ताकि इसकी पुष्टि की जा सके।

Youthwings