राज्यसभा की 24 सीटों पर चुनाव की तारीखें घोषित, क्या बदल जाएगा सियासी गणित?
चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 सीटों पर होने वाले चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सीटों पर 18 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। विभिन्न राज्यों के सांसदों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद ये सीटें खाली हो रही हैं, जिनके लिए नए सदस्यों का चुनाव किया जाएगा। राज्यसभा में संख्या बल को देखते हुए यह चुनाव सभी राजनीतिक दलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
1 जून से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 8 जून तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 11 जून नाम वापस लेने की अंतिम तारीख तय की गई है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।
किन राज्यों में कितनी सीटों पर होगा चुनाव
इस चुनाव में कुल 10 राज्यों की 24 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं मध्यप्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों के लिए वोटिंग कराई जाएगी। झारखंड में 2 सीटों पर चुनाव होगा, जबकि मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में एक-एक सीट के लिए मतदान कराया जाएगा।
कई दिग्गज नेताओं का खत्म हो रहा कार्यकाल
राज्यसभा से जिन नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कूरियन और रवनीत सिंह बिट्टू जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इन सीटों को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है।
राज्यसभा में संख्या बल पर रहेगी नजर
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक यह चुनाव राज्यसभा में दलों की ताकत तय करने में अहम भूमिका निभाएगा। इसी वजह से सभी प्रमुख पार्टियां उम्मीदवारों के चयन और समीकरण साधने में जुट गई हैं। आने वाले दिनों में कई राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
