ED Raid: कोडीन कफ सिरप तस्करी रैकेट पर ED की बड़ी कार्रवाई, तीन राज्यों के 25 ठिकानों पर छापे…
ED Raid
ED Raid: उत्तर प्रदेश में कोडीन आधारित कफ सिरप के अवैध उत्पादन और सीमापार तस्करी से जुड़े बड़े रैकेट पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को व्यापक जांच अभियान चलाया। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत यूपी, झारखंड और गुजरात के कुल 25 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
सूत्रों के अनुसार, छापे लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, रांची और अहमदाबाद समेत कई शहरों में जारी हैं। मामला प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दर्ज किया गया है। यूपी सरकार द्वारा राज्य में कोडीन आधारित सिरप के दुरुपयोग और तस्करी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए यह जांच तेज की गई है।
UP पुलिस की FIRs से खुला रैकेट, सप्लाई बांग्लादेश बॉर्डर तक
ED अधिकारियों के अनुसार, यूपी पुलिस की लगभग 30 एफआईआर में इस संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ था। जांच में सामने आया कि कोडीन कफ सिरप का बड़े पैमाने पर अवैध उत्पादन किया जा रहा था और इसकी सप्लाई राज्य से बाहर और बांग्लादेश सीमा तक की जा रही थी।
मुख्य आरोपी दुबई फरार, परिवार और सहयोगियों पर भी कार्रवाई
जांच में सामने आया मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल देश छोड़कर दुबई भाग चुका है, जबकि उसके पिता को यूपी पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा आलोक सिंह, अमित सिंह और अन्य सहयोगियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। एक चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु अग्रवाल के परिसरों पर भी ED की कार्रवाई जारी है, जिन पर रैकेट के अवैध वित्तीय लेनदेन को संभालने का आरोप है।
1,000 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका
ED को संदेह है कि इस रैकेट के जरिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये की अवैध कमाई हुई, जिसे फर्जी खातों और संस्थाओं के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग कर घुमाया गया। यूपी पुलिस अब तक कुल 32 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
