Earthquake in Bangladesh: बांग्लादेश में एक ही सेकेंड में दो बार भूकंप से हिली धरती, जानें कितनी थी तीव्रता
Earthquake in Bangladesh: भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में आज फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सिर्फ एक सेकेंड के भीतर दो बार धरती हिली, जिसकी पुष्टि बांग्लादेश मौसम विभाग (BMD) ने की है। विभाग ने बताया कि इन दोनों झटकों की तीव्रता क्रमशः 3.7 और 4.3 मापी गई। हालांकि USGS जैसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने केवल एक ही भूकंप दर्ज किया है।
इससे पहले शुक्रवार को भी तेज भूकंप ने बांग्लादेश और भारत के कई इलाकों को हिला दिया था। सुबह 10:10 बजे आए इस झटके की तीव्रता 5.7 दर्ज की गई थी, जिसे कोलकाता और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भी महसूस किया गया। लोगों का कहना था कि करीब 17 सेकेंड तक धरती कांपती रही।
रिपोर्ट्स के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप का केंद्र बांग्लादेश था, जहां इससे जुड़े हादसों में तीन लोगों की मौत की भी खबर सामने आई है। वहीं, जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज ने बताया कि यह भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर आया था।
