भरे बाजार से उठाए गए दो भाई, खाते में 80 लाख! अंडा ठेला लगाने वाले भाइयों की कहानी में आया ट्विस्ट

रायपुर/भिलाई। दुर्ग जिले में अंडा ठेला लगाने वाले दो सगे भाई विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर हुई 80 लाख रुपए की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किए गए हैं। गुरुवार रात हुई इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में पहले अपहरण की अफवाह फैल गई, जिससे शहर में हड़कंप मच गया।

अपहरण नहीं, यूपी पुलिस ने दबोचा

छावनी थाना क्षेत्र के सुभाष चौक में गुरुवार रात भीड़भाड़ के बीच शुभम साव (27) और विष्णु कुमार साव (31) को अचानक एक कार से आए छह लोगों ने पकड़ लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि लोग समझ ही नहीं पाए और अफवाह फैल गई कि दोनों का अपहरण हो गया है। उनके फोन भी बंद हो गए, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई।

बिना सूचना के कार्रवाई पर दुर्ग पुलिस अलर्ट

स्थानीय पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) और 3(5) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुक्रवार शाम को पता चला कि दोनों को उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले की पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तारी की सूचना पहले न देने पर दुर्ग पुलिस ने नाराजगी जताई।

30-40 युवाओं से 80 लाख की ठगी

दुर्ग पुलिस के अनुसार, अंबेडकर नगर पुलिस ने 3 सितंबर को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। इस मामले में 30 से 40 बेरोजगार युवाओं से वीजा और पासपोर्ट बनाने के बहाने करीब 80 लाख रुपए ठगे गए। जांच में पता चला कि ठगी की रकम शुभम और विष्णु के बैंक खातों में भी ट्रांसफर हुई है।

अंडा रोल ठेला के पीछे का खेल

स्थानीय लोग इन दोनों भाइयों को सिर्फ अंडा रोल का ठेला लगाने वाले साधारण युवक के तौर पर जानते थे। रोजाना सुभाष चौक पर उनका ठेला लगता था, जिससे किसी को शक भी नहीं हुआ कि उनके बैंक खातों में करोड़ों की ठगी का पैसा आ रहा है।

अंबेडकर नगर पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल दोनों भाइयों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Youthwings