Durg Minor Rape Case: 5 साल की मासूम से दरिंदगी, रेप के बाद बोरी में भरकर कुएं के पास फेंका, पूरी कहानी जान कांप उठेगी रूह
Durg Minor Rape Case: भिलाई के उतई में हैवानियत की हदें पार, आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया थाने का घेराव
Durg Minor Rape Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। भिलाई के उतई थाना क्षेत्र के बंजारी पारा में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। दरिंदगी के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए बच्ची को बोरी में बंद कर एक खंडहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया।
लापता होने के 2 घंटे बाद बोरी में मिली मासूम
घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जब बच्ची अचानक मोहल्ले से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद, करीब 2 घंटे बाद बच्ची एक खंडहर के पास कुएं के किनारे बोरी में बंद हालत में मिली। बच्ची का मुंह तकिए के कवर से बंधा हुआ था और बोरी से उसके पैर बाहर दिख रहे थे। उसे तुरंत बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
Durg Minor Rape Case: आरोपी गिरफ्तार, पड़ोसी पर ही शक
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जो बच्ची का पड़ोसी बताया जा रहा है। सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल (FSL) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: अंबिकापुर दुष्कर्म-हत्या कांड पर टीएस सिंहदेव का सरकार पर हमला, बोले- “निर्भया जैसी घटना.. बेटियां असुरक्षित
Durg Minor Rape Case: थाने का घेराव और भारी आक्रोश
जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उतई थाने पहुंच गईं। भीड़ इतनी उग्र थी कि लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस को थाने के दरवाजे बंद करने पड़े और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

सांसद विजय बघेल ने की मुलाकात
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
