ईद मिलादुन्नबी पर झंडा विवाद: सेना जवान के घर भगवा फहराने से मचा बवाल, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच – दो पर FIR
दुर्ग। जिले के मचांदुर गांव में सेना के जवान कौशल निषाद के घर भगवा झंडा लगाने को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रधान आरक्षक और एक आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं दो लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में FIR दर्ज की गई है।
ईद मिलादुन्नबी के दौरान झंडा लगाने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मचांदुर गांव के जिस मोहल्ले में विवाद हुआ, वहां करीब 40 मुस्लिम परिवार और सिर्फ 2 हिंदू परिवार रहते हैं। 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर इलाके में हरे झंडों से सजावट की गई थी। इसी दौरान सेना के जवान कौशल निषाद ने अपने घर पर भगवा झंडा लगा दिया।
पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने झंडा हटाने का अनुरोध किया। लेकिन जब निषाद परिवार ने झंडा उतारने से इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने जवान के परिवार के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। जवान की मां के बीच-बचाव करने पर पुलिस वहां से लौट गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया।
हिंदू संगठनों का विरोध, कलेक्ट्रेट का घेराव
वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवार अवैध रूप से आकर बसे हुए हैं, जिनकी जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
गृहमंत्री का बयान और भाजयुमो का प्रदर्शन
इस विवाद के बीच उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “भारत की धर्म-आस्था पर कोई हस्तक्षेप होगा तो आवाज उठेगी। हमारी बात स्पष्ट है कि ध्वज हम वहीं लगाएंगे।” इसके बाद भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जवान कौशल निषाद के घर पहुंचे और भगवा झंडा फहराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय श्री राम” के नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया, ताकि माहौल बिगड़े नहीं।
पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और दर्ज हुई FIR
मचांदुर झंडा विवाद में शामिल प्रधान आरक्षक महेश देवांगन और आरक्षक रामकृष्ण दास को लाइन अटैच किया गया है। वहीं मोहम्मद खान और असलम खान (पिता राशिद खान) के खिलाफ धारा 296, 351(3) और धारा 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई है। इसके अलावा, असलम खान पर धारा 75 के तहत भी एक प्रकरण दर्ज किया गया है।
