“नो हेलमेट, नो पेट्रोल” : अब बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल – कलेक्टर का सख्त आदेश
दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अब दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। बुधवार से पूरे जिले में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान सख्ती से लागू कर दिया गया है। हालांकि, मेडिकल इमरजेंसी, आकस्मिक सेवाओं और धार्मिक पगड़ी पहनने वालों को इस नियम से छूट दी गई है।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सड़क हादसों पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी किया है। इसके तहत पेट्रोल पंप परिसर में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के बोर्ड या पोस्टर लगाना अनिवार्य होगा। नियम का पालन नहीं करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
बिक्री को लेकर चिंतित पेट्रोल पंप संचालक
जहां यह कदम आम लोगों की सुरक्षा के लिहाज से सराहनीय माना जा रहा है, वहीं पेट्रोल पंप संचालकों में बिक्री घटने की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि आदेश लागू होने के बाद कई उपभोक्ता पेट्रोल भरवाने से वंचित हो सकते हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ेगा।
यह नया नियम सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लागू किया गया है और जिला प्रशासन इसे सख्ती से पालन कराने के मूड में है।
