‘लव-ट्रैप’ कंट्रोवर्सी…DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड:रायपुर के कारोबारी ने लगाए थे करोड़ों ऐंठने के आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत के बाद डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया है। प्राथमिक जांच में आरोपों को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय या शासन द्वारा निर्धारित स्थान रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

करीब दो सप्ताह पहले इस मामले की जांच रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपी गई थी। एएसपी कीर्तन राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने 30 दिनों में जांच पूरी की। लगभग 1,400 पन्नों की इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डीएसपी ने कारोबारी से बड़ी रकम और महंगे उपहार लिए तथा वॉट्सऐप चैट के जरिए विभागीय खुफिया जानकारियां साझा कीं।

वॉट्सऐप चैट में खुफिया जानकारी का उल्लेख

जांच रिपोर्ट में डीएसपी और कारोबारी के बीच हुई वॉट्सऐप बातचीत का जिक्र है। रिपोर्ट के अनुसार, चैट में नक्सल गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और ऑपरेशन से संबंधित संवेदनशील सूचनाएं साझा किए जाने के संकेत मिले हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो यह राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर मामला होगा।

 

2.5 करोड़ की वसूली और महंगे गिफ्ट लेने का आरोप

कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से डीएसपी ने कथित ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे लगभग 2.5 करोड़ रुपये वसूले। आरोपों में करीब 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं।

टंडन का कहना है कि शिकायत के बावजूद कार और गहने अब तक वापस नहीं मिले हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि होटल खोलने के नाम पर डीएसपी ने अपने भाई के लिए रकम ली। कारोबारी ने वित्तीय लेन-देन, बैंक ट्रांजेक्शन और संपत्ति दस्तावेजों की अलग से जांच की मांग की है।

DSP ने आरोपों को बताया साजिश

आरोप सामने आने के बाद डीएसपी कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों को निराधार और साजिश बताया था। उन्होंने कहा था कि वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेंगी और सच्चाई सामने आएगी।

फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

Youthwings