‘ड्रग्स क्वीन’ नव्या मलिक की रिमांड 3 दिन बढ़ी: 850 कारोबारी-राजनेताओं, रईसजादों से जुड़ा है नेटवर्क, 4 और गिरफ्तार

रायपुर: पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा करते हुए इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक को गिरफ्तार किया है। नव्या पर आरोप है कि वह पाकिस्तान से लाई गई हेरोइन और दिल्ली से लाई गई एमडीएमए (MDMA) जैसी खतरनाक ड्रग्स को रायपुर में बेच रही थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस ड्रग सिंडिकेट के संपर्क में करीब 850 रईसजादे थे, जिनमें होटल व्यवसायियों और राजनेताओं के बेटों के नाम भी शामिल हैं।

कोर्ट ने भेजा पुलिस रिमांड पर

गुरुवार को नव्या मलिक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इसी दिन ड्रग्स तस्करी मामले में चार और आरोपियों – विधि अग्रवाल (27), सोहेल खान (29), जुनैद अख्तर (28) और ऋषीराज टंडन – को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें से विधि अग्रवाल को भी कोर्ट ने 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि अयान खान, जुबैर अख्तर और ऋषीराज टंडन को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।

पुलिस को मिले करोड़ों की ड्रग्स और पाकिस्तानी हथियार

पूरे ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने करोड़ों की ड्रग्स के साथ-साथ एक पाकिस्तानी पिस्टल भी बरामद की है। इसके अलावा नव्या मलिक से लगभग 30 घंटे तक पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।

युवतियों की अहम भूमिका

इस ड्रग नेटवर्क में कई युवतियों की भी संलिप्तता पाई गई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने पंजाब निवासी लवजीत सिंह, रायपुर के रुपिंदर उर्फ पाब्लो, और नव्या मलिक से विस्तृत पूछताछ की। लवजीत और रुपिंदर से हेरोइन खरीदने वालों की जानकारी मिली, वहीं नव्या मलिक से एमडीएमए खरीदने वाले रसूखदारों की सूची पुलिस के हाथ लगी है।

850 रईसजादों की लिस्ट तैयार

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरे ड्रग सिंडिकेट से 850 से अधिक हाई-प्रोफाइल लोग जुड़े हुए हैं। इनकी पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी से पूछताछ कर अवैध ड्रग कारोबार में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Youthwings