थाने से फरार हुआ ड्रग्स तस्कर, गर्लफ्रेंड स्कूटी लेकर खड़ी थी बाहर! पुलिस बनी तमाशबीन ?

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मोहन नगर थाने से ड्रग्स तस्करी का एक आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड की मदद से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि युवती थाने के बाहर स्कूटी लेकर पहले से तैयार खड़ी थी और जैसे ही मौके का फायदा मिला, आरोपी स्कूटी पर बैठकर वहां से फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें तैनात कर दी गई हैं।

25 लाख का चिट्टा बरामद
गौरतलब है कि 10 सितंबर को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 246 ग्राम चिट्टा के साथ 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बरामद ड्रग्स की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार और 1.25 लाख रुपये नकद भी जब्त किए थे। सभी आरोपी धमधा कृषि उपज मंडी के पास कार में बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने छापा मारकर उन्हें दबोच लिया।

6 आरोपी जेल भेजे गए, एक फरार
इस मामले में गिरफ्तार 7 आरोपियों में से 6 को केंद्रीय जेल भेज दिया गया, जबकि 7वें आरोपी को लेकर पुलिस शुरू से ही जानकारी छिपाने की कोशिश करती रही। अब उसके थाने से फरार होने के बाद मोहन नगर थाने के प्रभारी पर बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।

ड्रग्स बेचने के मामले में पकड़े गए आरोपी

  • उज्जवल सिंह उर्फ गोलू (32), निवासी जामुल
  • मोन्टी अरोरा (32), निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई
  • रजत पाण्डेय (27), निवासी सुपेला
  • राहुल सिंह (32), निवासी हाउसिंग बोर्ड, भिलाई
  • लोकेश कुमार ओगरे (26), निवासी भिलाई 03
  • जगतार सिंह (36), निवासी खुर्सीपार

 

Youthwings