Double murder in raipur: रायपुर में डबल मर्डर से सनसनी, पूर्व पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या की
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डबल मर्डर की घटना से सनसनी फैल गई है। यह वारदात विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में हुई, जहां एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी गुलाब साहू ने सुबह करीब 7 बजे पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी लता साहू से चार साल पहले दूसरी शादी हुई थी। मृतक युवती चित्रा, लता की पहले पति से बेटी थी।
बताया जा रहा है कि चित्रा का एक युवक से संपर्क था, जिसे लेकर आरोपी नाराज रहता था और इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पहले सौतेली बेटी की मौत हुई और बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी उसने मार डाला।
घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
