रायपुर में कल शाम इन इलाकों में नहीं आएगा पानी, 6 घंटे रहेगा शटडाउन
रायपुर। दीपावली पर्व से पहले शहरवासियों को जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 33 केवी लाइन के संधारण कार्य के लिए 16 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक 6 घंटे का बिजली शटडाउन लिया जाएगा। इससे फिल्टर प्लांट की बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण शहर की 42 पानी टंकियां नहीं भर पाएंगी, जिससे शाम की जल आपूर्ति बाधित रहेगी। नगर निगम जल विभाग ने संधारण कार्य पूरा होने के बाद शाम 5 बजे से टंकियों को भरना शुरू करने की योजना बनाई है, ताकि 17 अक्टूबर सुबह से नियमित आपूर्ति बहाल हो सके।
जल विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि 80 एमएलडी, 150 एमएलडी प्लांट और नए 80 एमएलडी प्लांट से जुड़ी टंकियां प्रभावित होंगी। सुबह की जल आपूर्ति नियमित रहेगी, लेकिन शाम को शहर के 75 फीसदी इलाकों में पानी नहीं आएगा। शहरवासियों से अपील की गई है कि सुबह की आपूर्ति के दौरान शाम के लिए पानी स्टोर कर लें। अन्य जलागारों और पावर पंपों से आपूर्ति यथावत रहेगी।
प्रभावित पानी टंकियां और इलाके
बिजली शटडाउन से टंकियां प्रभावित होंगी। यहां सुबह जल आपूर्ति के बाद शाम को पानी नहीं आएगा
80 एमएलडी प्लांट से भरने वाली टंकियां: डगनिया, गंज, गुढियारी, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, ईदगाहभाठा पुरानी टंकी, श्याम नगर।
150 एमएलडी प्लांट से भरने वाली टंकियां: भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कैचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी नया, रायपुरा, कुकुरबेडा।
नया 80 एमएलडी प्लांट से भरने वाली टंकियां: बैरन बाजार नया, देवेंद्र नगर नया, संजय नगर, मोतीबाग।
ये टंकियां शहर के प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक इलाकों को कवर करती हैं, इसलिए बड़े पैमाने पर असुविधा होने की संभावना है।
वैकल्पिक व्यवस्था: डिमांड पर पानी टैंकर
नगर निगम जल विभाग ने प्रभावित इलाकों में डिमांड पर पानी टैंकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। जोनवार टीमों को अलर्ट कर दिया गया है। अनुरोध है कि जरूरत पड़ने पर निगम के कंट्रोल रूम या जोन कार्यालय से संपर्क करें। विभाग का कहना है कि यह अस्थायी असुविधा है और संधारण कार्य बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए जरूरी है।
शहरवासी सुबह की आपूर्ति का अधिकतम उपयोग करें और पानी की बचत करें। अधिक जानकारी के लिए निगम की वेबसाइट या हेल्पलाइन से संपर्क करें।
