प्रार्थना सभा के दौरान विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा
राजनांदगांव। शहर के मोतीपुर वार्ड क्रमांक 2 स्थित बड़ा तालाब रोड पर रविवार को एक मकान में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। हिंदू संगठनों द्वारा विरोध जताए जाने के बाद मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
विरोध कर रहे संगठनों का आरोप था कि संबंधित मकान में धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और भोले-भाले लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों को अस्वीकार्य बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
वहीं, मकान मालिक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जहां प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म का पालन और प्रार्थना करने की स्वतंत्रता प्राप्त है। उनके अनुसार घर में केवल प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी, जिसका विरोध किया जाना अनुचित है।
स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही एएसपी कीर्तन राठौर, सीएसपी वैशाली जैन, कोतवाली टीआई नंदकिशोर गौतम, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू तथा चिखली चौकी प्रभारी कैलाश मरई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को करीब तीन घंटे तक समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत कराया गया।
