Gariaband diamond smuggling : गरियाबंद में हीरा तस्कर गिरफ्तार, लाखों के हीरे बरामद
गरियाबंद। गरियाबंद जिले में पुलिस ने लाखों रुपए के कच्चे हीरों के साथ ओडिशा के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना तराशे हुए हीरों के लिए ग्राहक तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एक संदिग्ध व्यक्ति के इलाके में घूमने की सूचना मिली थी, जो हीरा बेचने के लिए ग्राहक खोज रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बंशीधर सेठी को पकड़ लिया, जो ओडिशा के धोबापाडा का निवासी है।
गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क और हीरा खरीदने वाले लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
गरियाबंद एसपी वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना और साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
