Dhurandhar Movie : बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर’ का दबदबा, पार किया ₹500 करोड़ का आंकड़ा
Dhurandhar Movie
Dhurandhar Movie : रणवीर सिंह स्टारर स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड कायम कर रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज़ के महज 10 दिनों में दुनियाभर में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है और साल 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल होने की ओर तेज़ी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का दूसरा वीकेंड ऐतिहासिक रहा, जहां रविवार को भारत में करीब 59 करोड़ रुपये नेट की कमाई हुई, जिससे दूसरे वीकेंड का कुल घरेलू कलेक्शन 144.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
अब तक फिल्म भारत में 351.75 करोड़ रुपये नेट और लगभग 422 करोड़ रुपये ग्रॉस कमा चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल कलेक्शन 525 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। 500 करोड़ क्लब में एंट्री के साथ ही ‘धुरंधर’ ने रजनीकांत की कुली, शाहरुख खान की डंकी, ऋतिक रोशन की वॉर और अल्लू अर्जुन की पुष्पा: द राइज़ जैसी कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
फिलहाल 2025 की रिलीज़ फिल्मों में ‘Dhurandhar’ से आगे केवल कांतारा: चैप्टर वन, छावा और सैयारा ही हैं। रणवीर सिंह के साथ फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। हालांकि समीक्षकों से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, लेकिन दर्शकों के जबरदस्त समर्थन ने इसे बॉक्स ऑफिस पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है।
READ MORE : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पोस्टर से पाकिस्तान गायब, PCB ने ICC से की औपचारिक शिकायत
