Dhanbad Coal mine Landslide: खदान हादसे से दहला धनबाद… 7 शव निकाले गए

झारखंड के धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र में शुक्रवार, 6 सितंबर को हुए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी। एक वैन खदान में गिरने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसा भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) एरिया-4, रामकनाली थाना क्षेत्र में हुआ। भूस्खलन के कारण न केवल वैन खदान में जा गिरी, बल्कि उसके पास बने कई घर और अस्थायी ढांचे भी ढह गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन और शवों की बरामदगी

हादसे के तुरंत बाद गोताखोर दल ने तीन शव पानी से बाहर निकाले थे। शनिवार को बचाव दल ने चार और शव निकाले। रेस्क्यू टीम ने पहले शव को सुबह 11 बजे पोखरिया (तालाब) से बरामद किया, जबकि दो अन्य शव गहरी खाई में फंसे होने के कारण दोपहर 3:30 बजे के बाद निकाले गए। पत्थर में दबे शवों को रस्सी की मदद से बाहर लाया गया।

बरामद शवों में छह की पहचान की जा चुकी है। उनकी पहचान इस प्रकार हुई: आउटसोर्स कर्मी अमन सिंह, गयासुर दास, राहुल रवानी, रूपक महतो, स्वरूप गोप और अमित बगाल। एक शव अज्ञात है, जिसकी पहचान की कोशिश जारी है।

मृतकों के परिजनों को 36 लाख रुपये मुआवजा

रेस्क्यू और राहत कार्य के बीच बीसीसीएल, आउटसोर्सिंग कंपनी, प्रशासन और मजदूर नेताओं के बीच समझौता हुआ। इसमें सभी मृतकों के परिजनों को 36 लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी। इसके बाद परिजन शवों को उठाने के लिए तैयार हुए। दो शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें सौंप दिया गया, जबकि अन्य चार शव एसएनएमएमसीएच और बीसीएल अस्पताल के शवगृह में रखे गए हैं।

रेस्क्यू में आई कठिनाइयाँ

बीसीसीएल के कटरा महाप्रबंधक राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि बचाव दल घटना स्थल पर लगातार तैनात रहा। उन्होंने कहा, “बचाव अभियान के दौरान कुल 7 शव बरामद किए गए। 5 सितंबर को 4 शव और 6 सितंबर को 3 शव निकाले गए। खदान की गहराई और मलबे के कारण रेस्क्यू में काफी परेशानी आई। राहत कार्य को तेज करने के लिए 6 सितंबर को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम भी तैनात की गई थी।”

हादसे के बाद सुरक्षा और बचाव पर जोर

घटना ने खदान सुरक्षा पर नई बहस छेड़ दी है। स्थानीय प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि आगे इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय और सतत निगरानी बढ़ाई जाएगी।

Youthwings