‘मुझे फुटबॉल की तरह फेंक रहे’: दिल्ली पुलिस पर भड़के सौरभ भारद्वाज, CEC और SIR के खिलाफ आइसा का पैदल मार्च

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के नेतृत्व में एक विशाल नागरिक मार्च निकाला जा रहा है, जो इंडिया गेट से शुरू होकर जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहा है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली है। वहीं दूसरी ओर इंडिया गेट की ओर कूच कर रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

आइसा के नेतृत्व में छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुजूम

आयोजकों के मुताबिक, यह नागरिक मार्च मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया को वापस लेने के दबाव के तहत आयोजित किया गया है। मार्च की अगुवाई आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा कर रही हैं। इसमें विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए जंतर-मंतर की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं।

लुटियंस दिल्ली छावनी में तब्दील, बैरिकेडिंग से रास्ते बंद

मार्च के आह्वान को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जनपथ मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास जंतर-मंतर जाने वाले मार्ग को भारी बैरिकेड लगाकर पूरी तरह सील कर दिया गया है। मौके पर दिल्ली पुलिस के अलावा फिरोज शाह रोड पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को तैनात किया गया है। आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और धीरे-धीरे सुरक्षाबलों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

‘मुझे फुटबॉल की तरह फेंक रहे’: AAP नेता सौरभ भारद्वाज का गंभीर आरोप

इधर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा खोल दिया। इंडिया गेट की ओर बढ़ रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकते हुए हिरासत में ले लिया। इस दौरान दिल्ली आप के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर दुर्व्यवहार का सीधा आरोप लगाया। भारद्वाज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “वे मुझे उठाकर इधर-उधर ऐसे फेंक रहे हैं, जैसे मैं कोई फुटबॉल हूं। यहां भारी पुलिस बल तैनात है, लेकिन वे अपने ही एसीपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे हैं और न ही एसीपी को गिरफ्तार कर रहे हैं।”

Youthwings