Swami Chaitanyananda Arrested: 17 छात्राओं से यौन शोषण के आरोपी बाबा की गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस ने आगरा के एक होटल से फरार चल रहे स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को देर रात करीब 3.30 बजे गिरफ्तार कर लिया। वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की 17 छात्राओं ने उनके खिलाफ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।

ऐसे दबोचा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक चैतन्यानंद पिछले 5 दिनों से लगातार ठिकाने बदल रहा था और फरारी के दौरान 13 अलग-अलग होटल बदले। आखिरकार आगरा के एक साधु-संतों से भरे होटल में उसे दबोचा गया। तलाशी में पुलिस को 3 मोबाइल फोन, फर्जी विजिटिंग कार्ड और एक BMW कार मिली।

गंभीर आरोप

  • यौन शोषण: छात्राओं का आरोप है कि वह उन्हें रात में निजी कक्ष में बुलाकर जबरन संबंध बनाने का दबाव डालता और अश्लील सवाल पूछता था।
  • धोखाधड़ी और गबन: लगभग 40 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप। पुलिस का कहना है कि चैतन्यानंद ने फर्जी दस्तावेजों से समानांतर ट्रस्ट बनाकर संपत्तियां किराए पर दीं और बैंक खातों से करोड़ों निकाले।
  • फर्जी पहचान: आरोपी के पास दो पासपोर्ट और नकली पैन कार्ड हैं। अलग-अलग नाम, जन्म स्थान और माता-पिता के नाम बताए गए थे।

खुद को बताता था बड़ा पदाधिकारी

पुलिस ने उसके पास से संयुक्त राष्ट्र (UN) का नकली कार्ड और BRICS जॉइंट कमीशन का फर्जी पहचान पत्र बरामद किया। वह खुद को “भारत का स्पेशल एन्वॉय” बताकर प्रभाव दिखाने की कोशिश करता था।

आगे की जांच

दिल्ली पुलिस अब रिमांड के दौरान यौन शोषण, वित्तीय घोटाले और फर्जी पहचान से जुड़े सबूतों की गहराई से जांच करेगी। आरोपी से उसके सहयोगियों, पैसों की हेराफेरी और होटल बदलने के नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जाएगी।

Youthwings