जंतर-मंतर पर बैरिकेड फांदकर घुसे CJP नेता: सौरव दास और आशुतोष रांका हिरासत में, CEC विरोधी नारे
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर मंगलवार सुबह उस वक्त भारी गहमागहमी देखने को मिली जब CJP से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता सौरव दास और आशुतोष रांका अपने समर्थकों के साथ सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर में दाखिल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं समेत उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया है।
सुबह 8 बजे गेट फांदकर घुसे, शुरू कर दी नारेबाजी
मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:00 बजे सौरव दास, आशुतोष रांका और उनके कुछ समर्थक जेडीयू कार्यालय की ओर से लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स और गेट को फांदकर जबरन जंतर-मंतर परिसर में पहुंच गए। अंदर दाखिल होते ही इन नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद वहां तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला और नारेबाजी कर रहे सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा लिया। घटना से जुड़ा वीडियो आशुतोष रांका के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी साझा किया गया है।
तीन दिन पहले एयरपोर्ट से भी हुई थी प्रिवेंटिव गिरफ्तारी
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब इन नेताओं को दिल्ली पुलिस ने रोका है। इससे पहले बीते शनिवार को सीजेपी के तीन प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर कदम रखते ही एहतियातन हिरासत में ले लिया गया था। ये तीनों नेता मुंबई से दिल्ली में जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पहुंचे थे। अगले दिन उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था, जहां 50 हजार रुपये का निजी मुचलका भरने के बाद उन्हें रिहा किया गया था। जमानत पर बाहर आने के महज दो दिन बाद उन्होंने दोबारा सुरक्षा घेरा लांघकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें फिर हिरासत में ले लिया।
