Delhi Open Sewer Accident: दिल्ली में खुले सीवर में गिरकर मजदूर की मौत, प्रशासन की लापरवाही सवालों के घेरे में

Delhi Open Sewer Accident: दिल्ली में खुले गड्ढे और सीवर लोगों की जान के लिए अब घातक साबित हो रहे हैं। जनकपुरी में गड्ढे में गिरकर युवक की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि रोहिणी सेक्टर 32, बेगमपुर थाना क्षेत्र में एक और दर्दनाक हादसा हुआ। यहाँ एक मजदूर खुले सीवर मैनहोल में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे के 24 घंटे बाद फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम की मदद से शव बाहर निकाला गया।

घटना का विवरण

मृतक मजदूर रोजाना की तरह काम पर जा रहा था। दोनों युवक नशे में थे और रास्ते में मैनहोल में गिर गए। साथी ने अगले दिन सुबह उनके चप्पल देखी और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर 02:36 PM पर PCR कॉल के बाद PS बेगमपुर में मामला दर्ज हुआ। मृतक बुधन दास उर्फ सूरज, मधुबनी के भूपति गांव के निवासी थे। फायर ब्रिगेड की मदद से मैनहोल से शव निकाला गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अस्पताल भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए आरोप

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर सही कार्रवाई नहीं होने से युवक की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और प्रशासन पर नाराजगी देखने को मिली।

इलाके में कई खुले गड्ढे और सीवर

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इलाके में कई जगह गड्ढे और खुले सीवर पड़े हैं। कई बार शिकायत के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। प्रशासन ने हादसे के बाद सीवर ढक दिया, लेकिन सवाल है कि पहले ही खतरा क्यों नहीं रोका गया।

प्रशासन की जिम्मेदारी

स्थानीय निवासी तेजपाल यादव ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही और देर से प्रतिक्रिया ने हादसे को अंजाम दिया। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएँ प्रशासन की असावधानी को उजागर करती हैं।

अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। दिल्ली में सभी खुले मैनहोल और गड्ढों को तत्काल बंद करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसे रोके जा सकें।

Youthwings