Delhi Encounter में सिग्मा एंड कंपनी गैंग का खात्मा, बिहार के 4 मोस्ट वांटेड अपराधी ढेर

Delhi Encounter

Delhi Encounter

दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में बड़ा एक्शन देखने को मिला। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चलाकर बिहार के कुख्यात रंजन पाठक गैंग का खात्मा कर दिया। इस मुठभेड़ में चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टर मारे गए हैं, जिनमें गैंग का सरगना रंजन पाठक भी शामिल था।

रंजन पाठक पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर आरोप थे। वह ‘सिग्मा एंड कंपनी’ नाम से अपना गैंग चलाता था और बिहार के सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर व मधुबनी में कई हाई-प्रोफाइल हत्याओं में शामिल रहा था। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

कब और कैसे हुआ एनकाउंटर
जानकारी के मुताबिक, एनकाउंटर बुधवार रात करीब 2:20 बजे रोहिणी के बहादुर शाह मार्ग पर डॉक्टर अंबेडकर चौक और पंसाली चौक के बीच हुआ। पुलिस को पहले से इस गैंग की मौजूदगी की सूचना मिल चुकी थी। जैसे ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चारों अपराधियों को ढेर कर दिया।

मृत अपराधियों की पहचान

रंजन पाठक (25) – पिता मनोज पाठक, निवासी मलहई, थाना सुरसंड, जिला सीतामढ़ी, बिहार

बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (25) – निवासी रतनपुर, थाना बजपट्टी, जिला सीतामढ़ी

मनीष पाठक (33) – निवासी मलहई, थाना सुरसंड, जिला सीतामढ़ी

अमन ठाकुर (21) – निवासी शेरपुर, करावल नगर, दिल्ली

पुलिस ने बताया कि चारों को डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (रोहिणी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के किसी जवान को गंभीर चोट नहीं आई है।

बिहार से दिल्ली तक फैला नेटवर्क
रंजन पाठक गैंग लंबे समय से बिहार में सक्रिय था और हाल के महीनों में दिल्ली में छिपा हुआ था। यह गिरोह हत्या, फिरौती और रंगदारी की वारदातों में शामिल था। बिहार पुलिस को इसकी तलाश कई महीनों से थी। दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के इस संयुक्त ऑपरेशन को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि इससे बिहार और दिल्ली दोनों राज्यों में सक्रिय एक खतरनाक नेटवर्क का सफाया हो गया है।

Youthwings