BIG NEWS : दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमला, बीजेपी ने थप्पड़ मारने की खबरों को किया खारिज

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह एक युवक ने हमला कर दिया। यह घटना सीएम आवास पर जनसुनवाई के दौरान हुई, जब फरियादी बनकर आया एक शख्स अचानक उन पर चिल्लाते हुए टूट पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि युवक ने मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा, लेकिन बीजेपी ने इन खबरों को खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि युवक ने उनका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा, जिससे सीएम का सिर टेबल से टकरा गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है और मुख्यमंत्री सदमे में हैं।

आरोपी की पहचान

हमले के आरोपी की पहली तस्वीर सामने आ गई है। उसकी पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (41 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का एक परिजन जेल में बंद है और उसे छुड़वाने के लिए वह अर्जी लेकर आया था। उसका मामला अदालत में चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और गुजरात पुलिस से भी संपर्क साधा है।

बीजेपी अध्यक्ष का बयान

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने थप्पड़ मारने की खबरों को गलत बताया। उन्होंने कहा, “एक युवक ने मुख्यमंत्री को कागज दिया और फिर अचानक आगे की ओर खींच लिया, जिससे उनका सिर टेबल से टकरा गया। थप्पड़ या पत्थर मारने की बातें पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।” सचदेवा ने यह भी कहा कि रेखा गुप्ता बहादुर महिला हैं और वे जनसुनवाई से जुड़े कार्यक्रम बिना रुके जारी रखेंगी।

विपक्ष पर साजिश का आरोप

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस घटना को राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री दिन-रात जनता के लिए काम करती हैं और विपक्ष यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहा कि वह घंटों लोगों के बीच बैठकर सीधा संवाद करती हैं। इस हमले के पीछे राजनीतिक साजिश की बू आती है और पुलिस की जांच से सभी तथ्य सामने आ जाएंगे।”

 

Youthwings