मुख्यमंत्री साय को दीपक बैज की चिट्ठी, ट्रिपल मर्डर पीड़ितों के परिजनों को मदद की मांग
Deepak Baij's letter to Chief Minister Sai
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने हाल ही में हुए ट्रिपल मर्डर कांड में मारे गए लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। बैज ने सुझाव दिया है कि सरकार मृतकों के परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दे, ताकि वे अपने जीवन को दोबारा संवार सकें।
बढ़ते अपराध और चाकूबाजी पर चिंता
दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। शराब और नशे की वजह से आए दिन निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के इकलौते कमाऊ सदस्य की हत्या हो रही है, जिससे उनके घरों का सहारा छिन जाता है। बैज ने मुख्यमंत्री से अपील की कि इस तरह के पीड़ित परिवारों को राज्य सरकार तुरंत सहायता दे।
डिलिवरी बॉय मर्डर का जिक्र
पत्र में बैज ने हाल ही में हुए डिलिवरी बॉय मर्डर केस का भी उल्लेख किया। उन्होंने मांग की कि इस मामले में भी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
फर्जी नक्सल मुठभेड़ का आरोप
दीपक बैज ने सरकार पर कोंडागांव मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की बीजेपी सरकार सिर्फ नक्सलवाद खत्म करने का ढिंढोरा पीटकर वाहवाही लूटना चाहती है। बैज ने चेतावनी दी कि अगर कोंडागांव मुठभेड़ की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई गई, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी।
चुनाव आयोग पर हमला
दीपक बैज ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग ने बीजेपी प्रवक्ता की तरह बयान देते हुए राहुल गांधी से माफी मांगी है। बैज ने मांग की कि चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त किया जाए, तभी देश में निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराए जा सकेंगे।
