बिजली दरें 30 नवंबर तक कम नहीं हुई तो दिसंबर में CM हाउस घेरेंगे – दीपक बैज का अल्टीमेटम
Deepak Baij
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार को बिजली दरों में कटौती को लेकर खुला अल्टीमेटम दे दिया है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक बिजली दरें कम नहीं की गईं तो दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कांग्रेस कार्यकर्ता CM हाउस का घेराव करेंगे। बैज ने चेतावनी दी कि “बिजली बिल की बढ़ोतरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
उन्होंने सवाल उठाया कि कोयले पर सेस खत्म हो चुका है, छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादक राज्य है, फिर भी यहां बिजली सबसे महंगी क्यों बेची जा रही है? स्मार्ट मीटर से जनता पहले से परेशान है, अब तुरंत ‘बिजली बिल हाफ’ योजना लागू की जाए।
धान खरीदी पर सरकार को घेरा
दीपक बैज ने धान खरीदी को लेकर भी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2700 खरीदी केंद्रों में से 2500 से ज्यादा केंद्रों पर अभी तक खरीदी शुरू ही नहीं हुई है। ऑपरेटर और कर्मचारी हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार बातचीत करने के बजाय उन्हें धमकाने और गिरफ्तार करने में लगी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास पैसा नहीं है, इसलिए वह जानबूझकर किसानों का धान नहीं खरीदना चाहती। सहकारी समिति कर्मचारियों के खिलाफ FIR और गिरफ्तारी की कार्रवाई तानाशाही का प्रमाण है।
बिचौलियों का खेल, दूसरे राज्यों का धान खपाने की साजिश!
बैज ने कहा कि खरीदी शुरू होने के पहले दो दिनों में ही 19 हजार क्विंटल से ज्यादा अवैध धान दूसरे राज्यों से पकड़ा गया है। सरकार बिचौलियों से सांठ-गांठ कर छत्तीसगढ़ का धान कम खरीदकर बाहर का धान खपाने की कोशिश कर रही है। यह सीधे-सीधे मुनाफाखोरी का खेल है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर गंभीर आरोप
प्रदेश में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर बैज ने चुनाव आयोग के आंकड़ों को खारिज करते हुए कहा कि आयोग दावा कर रहा है कि 80% जगहों पर BLO पहुंच गए, लेकिन जमीनी हकीकत सिर्फ 25% है। राजधानी में तो भाजपा पार्षद BLO को धमका रहे हैं। विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने की बड़ी साजिश चल रही है।
कवासी लखमा का इलाज रोकने का आरोप
पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कवासी लखमा के इलाज को लेकर बैज ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 6 बार के विधायक को षड्यंत्रपूर्वक जेल भेजा गया, वहां टॉर्चर किया जा रहा है और अब जानबूझकर अस्पताल में शिफ्ट नहीं किया जा रहा।
दिल्ली जा रहे दीपक बैज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज रात करीब 9 बजे दिल्ली रवाना हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में हो रही धांधली और चुनाव आयोग की पक्षपातपूर्ण भूमिका को लेकर पार्टी हाईकमान से चर्चा करेंगे। बैज ने कहा कि कार्यकर्ताओं का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और जल्द ही बड़ा आंदोलन होगा।
