Datia MLA Bank Scam Case: दतिया विधायक राजेंद्र भारती दोषी करार, 25 साल पुराने बैंक घोटाले में तिहाड़ जेल भेजे गए
Datia MLA Bank Scam Case: दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मध्यप्रदेश की राजनीति को झटका देते हुए दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अदालत ने भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के मामले में दोषी करार दिया है। करीब 25 साल पुराने बैंक घोटाले मामले में सुनवाई करते हुए विशेष MP/MLA कोर्ट ने उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया है। सजा का ऐलान कोर्ट कल करेगा।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला दतिया के जिला सहकारी कृषि ग्रामीण बैंक से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि बैंक अध्यक्ष रहते हुए राजेंद्र भारती ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर और कागजों में हेरफेर करते हुए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में गड़बड़ी की।
जांच में सामने आया कि उन्होंने नियमों के खिलाफ जाकर 13.5% की ऊंची ब्याज दर का फायदा उठाया और FD की अवधि को अवैध रूप से बढ़ाकर बैंक को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया।
किन धाराओं में दोषी करार?
अदालत ने इस मामले में IPC की कई गंभीर धाराओं के तहत दोष सिद्ध माना है, जिनमें धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, आपराधिक विश्वासघात और साजिश शामिल हैं।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत
इस केस में राजेंद्र भारती को पहले ही उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय से राहत नहीं मिल पाई थी। बाद में मामला ट्रांसफर होकर दिल्ली की विशेष अदालत में पहुंचा, जहां विस्तृत सुनवाई के बाद कोर्ट ने ठोस सबूतों के आधार पर उन्हें दोषी करार दिया।
अब सभी की नजर कोर्ट द्वारा सुनाई जाने वाली सजा पर टिकी है, जिसका ऐलान कल किया जाएगा।
