रायपुर में Ded अभ्यर्थियों का आमरण अनशन, परिवार के साथ सामूहिक गिरफ्तारी की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के रिक्त 2300 पदों पर डीएड (डी.एड./डी.एल.एड.) प्रशिक्षित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। आमरण अनशन अब 59वें दिन में प्रवेश कर चुका है, और अभ्यर्थी अब रायपुर सेंट्रल जेल में सामूहिक अनशन पर बैठे हैं।

 

18 फरवरी को अभ्यर्थियों ने प्रतीकात्मक विरोध में अंगारों पर चलकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, आग बुझाई गई और प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प हुई। चार अभ्यर्थी गंभीर रूप से घायल होकर अभनपुर अस्पताल में भर्ती हुए। इसके बाद पुलिस ने बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल पहुंचाया। जेल में दाखिल होने के बाद ही 45 महिला और 80 पुरुष सहित कुल 125 डीएड अभ्यर्थियों ने जेल के अंदर आमरण अनशन शुरू कर दिया।

 

अभ्यर्थियों का आरोप है कि सहायक शिक्षक भर्ती 2023 में मूल रूप से डीएड योग्य अभ्यर्थियों के लिए पद थे, लेकिन बीएड प्रशिक्षितों को नियुक्ति दे दी गई। इस फैसले के खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी लड़ाई लड़ी। दोनों अदालतों ने डीएड अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देते हुए बीएड वालों को विज्ञान पदों पर समायोजित करने का आदेश दिया, लेकिन रिक्त पदों पर डीएड अभ्यर्थियों की नियुक्ति नहीं हुई।

 

अभ्यर्थियों के अनुसार, इन 2300 रिक्त पदों में से 1600 से अधिक अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के आरक्षित हैं, फिर भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, जिससे आदिवासी युवाओं में गहरी नाराजगी है। वे लगातार जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री से मिलकर मांग रख रहे हैं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। शिक्षा मंत्री स्तर पर मुख्यमंत्री और वित्त विभाग को प्रस्ताव भेजने की बात कही जाती है, जबकि मुख्यमंत्री स्तर पर वित्तीय कमी का हवाला दिया जा रहा है।

 

59 दिनों के लंबे अनशन से अभ्यर्थियों की शारीरिक और मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। जेल में मुलाकात करने वालों ने बताया कि कई साथियों की हालत चिंताजनक है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो सभी डीएड अभ्यर्थी अपने परिवारों के साथ सामूहिक गिरफ्तारी देकर जेल भरो आंदोलन करेंगे और जेल में ही आमरण अनशन जारी रखेंगे।

 

वे न्यायालय के आदेशों का तत्काल पालन कर पात्र डीएड अभ्यर्थियों की शीघ्र नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।

Youthwings