Cyclone Ditwah: चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ से श्रीलंका में कहर, 123 की मौत; भारत की ओर बढ़ा तूफान, कई भारतीय यात्री कोलंबो एयरपोर्ट पर फंसे
Cyclone Ditwah
Cyclone Ditwah की वजह से श्रीलंका में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ान सेवाएं बेहद प्रभावित हुई हैं। कोलंबो के बंदरानायके अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लगभग 300 भारतीय यात्री तीन दिनों से फंसे हुए हैं, जिनमें करीब 150 यात्री तमिलनाडु के बताए जा रहे हैं। यात्रियों ने शिकायत की है कि खराब मौसम के कारण उड़ानें रद्द होने के बाद उन्हें भोजन, पानी और आवश्यक सुविधाएँ भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्य के सार्वजनिक विभाग के सचिव को भारतीय दूतावास से समन्वय स्थापित करने और यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। भारतीय उच्चायोग के अधिकारी लगातार यात्रियों के संपर्क में हैं।
उधर, भारत सरकार ने श्रीलंका में हुई तबाही के बाद मानवीय सहायता बढ़ाने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने Cyclone Ditwah में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया है और आपदा राहत के लिए तुरंत सहायता भेजने की पुष्टि की है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, Cyclone Ditwah अब उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। विभाग ने इन क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि रविवार सुबह तक Cyclone Ditwah इन तटीय क्षेत्रों के बेहद करीब पहुंच जाएगा, जहां हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की जा सकती है।
