CRMC भुगतान 12 महीने से लंबित: स्वास्थ्यकर्मी भड़के, 15 दिसंबर से बस्तर में OPD बंद करने की चेतावनी

CRMC

CRMC

बस्तर संभाग में CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के 12 महीनों से लंबित भुगतान को लेकर नाराज स्वास्थ्यकर्मियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, कोंडागांव और बस्तर (जगदलपुर) के डॉक्टर, स्टाफ नर्स, RMA, ANM और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने शुक्रवार, 12 दिसंबर को CMHO, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 15 दिसंबर से पूर्ण OPD सेवाएँ बंद करने की चेतावनी दी है।

12 महीने से भुगतान लंबित, मनोबल पर असर

स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि पिछले एक साल से CRMC राशि जारी न होने से उनका मनोबल टूट रहा है। कई बैठकों और मिले आश्वासनों के बाद भी सरकार की ओर से कोई ठोस आदेश नहीं आया। वर्तमान में सभी जिलों में संध्या OPD सेवाओं का बहिष्कार हो रहा है, और 15 दिसंबर से सुबह व शाम दोनों OPD पूर्ण रूप से बंद करने की घोषणा की गई है।

जिला अस्पताल से लेकर उप-स्वास्थ्य केंद्र तक OPD बंद

आंदोलन का असर बस्तर संभाग के सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर रहेगा—जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), उप-स्वास्थ्य केंद्र (HSC) इन सभी में 15 दिसंबर से नियमित OPD सेवाएँ स्थगित कर दी जाएँगी।

आपातकालीन सेवाएँ जारी रहेंगी

स्वास्थ्यकर्मियों ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाएँ, प्रसूति सेवा और जीवनरक्षक उपचार बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे। उनका कहना है कि OPD बंद करना स्थिति की गंभीरता बताने के लिए आवश्यक कदम है।

read more : Breaking News: भिलाई स्टील प्लांट में लगी आग,पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद मचा हड़कंप

‘केंद्र से राशि मिल चुकी, आदेश क्यों नहीं?’

डॉक्टरों का आरोप है कि केंद्र सरकार से CRMC की राशि राज्य को मिल चुकी है, फिर भी भुगतान आदेश जारी नहीं किया जा रहा। यह बस्तर जैसे नक्सल प्रभावित और कठिन इलाके में कार्य करने वाले कर्मियों के लिए अनुचित है।

12–13 दिसंबर तक अंतिम इंतजार

स्वास्थ्यकर्मियों ने दो टूक कहा है कि 12 और 13 दिसंबर तक वे सरकार की कार्रवाई का इंतजार करेंगे। यदि भुगतान जारी नहीं किया गया, तो 15 दिसंबर से बस्तर संभाग में सभी नियमित चिकित्सा सेवाएँ बंद कर दी जाएँगी।

Youthwings