Naxal Attack: नक्सलियों की कायराना करतूत, IED ब्लास्ट में 3 ग्रामीण गंभीर घायल
Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक बार फिर अपनी कायराना करतूत को अंजाम दिया है। आज सुबह लगाए गए प्रेशर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के धमाके की चपेट में आने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पारिवारिक काम से जा रहे थे ग्रामीण, हुए धमाके का शिकार
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना आज सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुई। दम्पाया, एर्रागुफा पारा के ग्रामीण अपने पारिवारिक काम से बंदेपारा जा रहे थे। रास्ते में माओवादियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर IED में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के कारण तीनों ग्रामीणों के पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल ग्रामीणों की पहचान
धमाके में घायल हुए ग्रामीणों की पहचान इस प्रकार है:
- गोटे जोगा (पिता समैया मुरिया), उम्र 45 वर्ष, निवासी एर्रागुफा पारा, दम्पाया, थाना मद्देड़
- विवेक ढोड़ी (पिता नागैया मुरिया), उम्र 17 वर्ष, निवासी एर्रागुफा पारा, दम्पाया, थाना मद्देड़
- बडडे सुनील (पिता मिब्बा मुरिया), उम्र 20 वर्ष, निवासी एर्रागुफा पारा, दम्पाया, थाना मद्देड़
पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
