सड़क पर नशे में पड़ा रहा आरक्षक, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
महासमुंद। “परित्राणाय साधुनाम्” का संकल्प लेने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब महासमुंद जिले में एक आरक्षक का नशे की हालत में सड़क पर पड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह वीडियो 9 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे का बताया जा रहा है।
घटना शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला चिकित्सालय मार्ग, मेडिकल कॉलेज मोड़ के पास की है। वायरल वीडियो में खल्लारी थाना में पदस्थ आरक्षक लाल सिंह बाकरे नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए एक ठेले के पास सड़क किनारे बैठते दिखाई दे रहे हैं और कुछ ही देर में वहीं सड़क पर लेट जाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरक्षक करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़े रहे। राहगीर आते-जाते रहे, लेकिन पुलिसकर्मी होने के कारण किसी ने हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं की। बाद में एक व्यक्ति ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, परंतु नशे की हालत में वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे। इस दौरान उनका जूता भी निकल गया। सूचना मिलने पर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरक्षक को मेडिकल कॉलेज ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया।
मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में आरक्षक द्वारा शराब सेवन की पुष्टि हुई है। संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अनुशासन पर उठे सवाल
एक ओर पुलिस विभाग अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर वर्दीधारी पुलिसकर्मी का सार्वजनिक स्थान पर इस तरह नशे में पाया जाना विभागीय अनुशासन और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
