Morning News: आरक्षक का जंगल में मिला शव, दूसरी ओर छत्तीसगढ़ को मिला इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस एग्ज़ामिनर का दर्जा, ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें.. पढ़ें और भी खबरें
Chhattisgarh Morning News
जगदलपुर। पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक डमरू नायक का शव आसना के जंगल में फंदे पर झूलता मिला। मृतक आरक्षक बजावंड का निवासी था और 3 दिसंबर की शाम से लापता था। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि कोतवाली पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अब डिजिटल सबूत की जांच राज्य में ही होगी प्रमाणित
राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन कैंपस स्थित राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला को केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य परीक्षक (Electronic Evidence Examiner) का दर्जा दे दिया है। इसकी अधिसूचना इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा राजपत्र में प्रकाशित की गई है।
इस मंजूरी के बाद छत्तीसगढ़ में डिजिटल ठगी, साइबर फ्रॉड, मोबाइल और कंप्यूटर डेटा की जांच रिपोर्ट अब कोर्ट में वैध सबूत मानी जाएगी — चाहे वह जिला कोर्ट हो, हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट।
ज्वाइंट डायरेक्टर टीएल चंद्रा ने बताया कि अब राज्य में ही विशेषज्ञ डिजिटल सबूतों की जाँच कर सकेंगे। यह सुविधा कंप्यूटर मीडिया फॉरेंसिक और मोबाइल डिवाइस फॉरेंसिक क्षेत्रों में लागू होगी।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य परीक्षक क्या होता है?
यह वह विशेषज्ञ होता है जो डिजिटल उपकरणों में मौजूद डेटा—जैसे ईमेल, मैसेज, ऑडियो-वीडियो, फाइलें—की तकनीकी जांच करता है। वह सुनिश्चित करता है कि डेटा में कोई छेड़छाड़ न हुई हो ताकि उसे अदालत में भरोसेमंद सबूत के रूप में पेश किया जा सके।
कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई परेशानी, अंबिकापुर 7°C पर, रायपुर 12°C
छत्तीसगढ़ में इन दिनों ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। अंबिकापुर में तापमान 6–7°C तक गिर गया। रायपुर में 12–13°C और दुर्ग में 11–12°C के आसपास न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2–3 दिनों में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 27.8°C जगदलपुर में और सबसे कम 7.4°C अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
ठंड को देखते हुए रायपुर नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है।
रायगढ़ में और गिर सकता है तापमान
रायगढ़ जिले में ठंड तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में न्यूनतम तापमान 12.4°C और अधिकतम 26.7°C दर्ज किया गया है। अगले दिनों में तापमान घटकर 10°C तक पहुँचने की संभावना जताई गई है।
