Politics On Chhattisgarh Cabinet Expansion: कैबिनेट विस्तार पर कांग्रेस ने अजय चंद्राकर को घेरा तो चंद्राकर ने किया पलटवार, कांग्रेस को दी नसीहत

Politics On Chhattisgarh Cabinet Expansion

Politics On Chhattisgarh Cabinet Expansion

Politics On Chhattisgarh Cabinet Expansion: छत्तीसगढ़ में हुए साय कैबिनेट विस्तार पर कांग्रेस के निशाने पर आए पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने करारा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि पहले वह यह बताए कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कैबिनेट में धनेन्द्र साहू और सत्यनारायण शर्मा के साथ कैसा व्यवहार किया गया था।

चंद्राकर ने कहा कि कैबिनेट विस्तार पूरी तरह से मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। साय की कैबिनेट में नए और नवाचारी चेहरों को जगह दी गई है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल पूरी तरह संतुलित और बेहतर है।

भूपेश बघेल पर हमला

भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा साय मंत्रिमंडल विस्तार को असंवैधानिक बताने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “भूपेश जी को सोशल मीडिया की बजाय अपनी पार्टी से पूछना चाहिए। हरियाणा में जाकर अपने नेताओं से जानें कि वहां 14 मंत्री क्यों हैं।”

कांग्रेस पर ‘पपेट राजनीति’ का आरोप

अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर भी तंज कसा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को “पपेट” करार देते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे लोगों की तलाश रहती है जिनकी निष्ठा सिर्फ गांधी परिवार के प्रति हो। कांग्रेस में जननायक नहीं, बल्कि पपेट नेता होते हैं, जो सिर्फ गांधी परिवार के लिए सोचते और काम करते हैं। उन्होंने व्यंग्य किया कि शायद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को अभी तक अपना “पपेट” नहीं मिला है, इसलिए संगठन विस्तार में देरी हो रही है।

महिला आयोग अध्यक्ष पर आरोप

धर्मांतरण विवाद से जुड़ी नारायणपुर की युवतियों की शिकायत पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ जांच की कार्रवाई पर भी अजय चंद्राकर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक को पार्टी एजेंडे से हटकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उनके मुताबिक, कई बार राजनीति करने के लिए फैब्रिकेटेड शिकायतें दर्ज करवाई जाती हैं, लेकिन आयोग को मेनिफेस्टो नहीं बल्कि निष्पक्षता के आधार पर काम करना चाहिए।

Youthwings