कांग्रेस ने खोले सुकमा कार्यालय निर्माण के खर्चे के पत्ते: एक-एक रूपये का दिया पूरा हिसाब, कहा-अब भाजपा बताए 150 करोड़ कहां से आए?

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने सुकमा जिला कांग्रेस कार्यालय के निर्माण में हुए सभी खर्चों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक किया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि इस भवन का पूरा खर्च प्रदेश कांग्रेस ने वहन किया है और प्रत्येक भुगतान चेक के माध्यम से किया गया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि निर्माण में खर्च किए गए प्रत्येक रुपये का लेखा-जोखा है, जिसकी विधिवत ऑडिट भी कराई गई है।

उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को पहले ही लिखित में सभी विवरण दिए जा चुके हैं, फिर भी कांग्रेस कार्यालय को जब्त करना दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित कार्रवाई है।

सुकमा कांग्रेस कार्यालय की कुल लागत ₹65,84,444

शुक्ला ने बताया कि सुकमा कांग्रेस कार्यालय की कुल निर्माण लागत ₹65,84,444 है। इसमें भूमि के लिए ₹12,42,618 भू-भाटक के रूप में चालान के जरिए जमा किए गए थे। निर्माण सामग्री का भुगतान अनीश हार्डवेयर को तीन चरणों में चेक के जरिए किया गया:

₹12 लाख (चेक दिनांक 07.06.2021)

₹15.48 लाख (21.06.2021)

₹15.38 लाख (23.07.2021)

वहीं ठेकेदार संग्राम दास उर्फ विक्रम पांडे को ₹9.93 लाख चेक द्वारा 07.08.2021 को भुगतान किया गया। सभी भुगतानों पर टीडीएस काटा गया है, जिसकी जानकारी कांग्रेस के खातों में उपलब्ध है।

भाजपा कार्यालयों की जांच की मांग:

शुक्ला ने ईडी पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर कांग्रेस के कार्यालय की जांच हो सकती है, तो भाजपा के महंगे कार्यालयों की भी जांच क्यों नहीं की जाती? उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी केवल कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जबकि भाजपा के ₹150 करोड़ लागत वाले कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर के एकात्म परिसर और दिल्ली में आरएसएस द्वारा ₹500 करोड़ में बनाए गए दफ्तरों की फंडिंग पर कोई सवाल नहीं उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एकात्म परिसर की जमीन भाजपा ने सिर्फ ₹1 में ली थी और अब वहां से ₹1.5 करोड़ सालाना किराया वसूला जा रहा है। ईडी को इन सभी मामलों की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

सुकमा कांग्रेस भवन निर्माण में खर्च का विस्तृत विवरण

कांग्रेस भवन, सुकमा के निर्माण में खर्च राशि जमीन सहित संलग्न दस्तावेज अनुसूची

1. नजूल भूमि का शासकीय मद में भारतीय स्टेट बैंक, सुकमा में चालान के माध्यम से भुगतान – चेक दिनांक 13.08.20 यूको बैंक, रायपुर चेक, चालान क्यू 639, बिल राशि 1242618, चेक राशि 1242618, चालान क्यू 637, बिल राशि 62131, चेक राशि 62131।

2. अनीश हार्डवेयर एवं जनरल सप्लायर – चेक दिनांक 07.06.21, यूको बैंक रायपुर चेक क्र. 000012, 1200000, टीडीएस 9720, चेक राशि 1190280।

3. अनीश हार्डवेयर एवं जनरल सप्लायर – चेक दिनांक 21.06.21, यूको बैंक रायपुर चेक क्र. 000015, बिल राशि 1548070, टीडीएस 12995, चेक राशि 1535115।

4. अनीश हार्डवेयर एवं जनरल सप्लायर – चेक दिनांक 23.07.21, यूको बैंक रायपुर चेक क्र. 000020, टीडीएस 12466, चेक राशि 1525559।

5. संग्राम दास-उर्फ विक्रम पाण्डेय – चेक दिनांक 07.08.21, यूको बैंक रायपुर चेक क्र. 000024, बिल राशि 993600, टीडीएस 9936, चेक राशि 990064।

कुल बिल राशि 6584444, टीडीएस 45117, चेक राशि 6539367 है।

Youthwings