छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा फैसला, निष्कासित 9 नेताओं की पार्टी में वापसी
नगरीय निकाय चुनाव के बाद छह वर्षों के लिए निष्कासित किए गए नौ नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस ने दोबारा पार्टी में शामिल किया।
सूरजपुर। जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा निर्णय लेते हुए पार्टी से निष्कासित किए गए नौ सदस्यों की दोबारा वापसी कर ली है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज की अनुमति के बाद नौ नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुनः कांग्रेस संगठन में शामिल किया गया है। इनमें पांच पुरुष और चार महिला सदस्य शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि इन सभी नेताओं को नगरीय निकाय चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों और बगावत के आरोप में छह वर्ष के लिए कांग्रेस से निष्कासित किया गया था। हालांकि अब संगठन ने उन्हें एक बार फिर पार्टी में अवसर देते हुए सदस्यता बहाल कर दी है।
पार्टी में जिन नेताओं की वापसी हुई है, उनमें शक्ति ठाकुर, पल्लवी (गुड़िया), पुष्पलता पवन साहू और अफरोज खान (कल्लू) नगर पालिका परिषद सूरजपुर से जुड़े हुए हैं। वहीं गीता पुरी और संजीत यादव नगर पंचायत बिश्रामपुर, उदय यादव नगर पंचायत भटगांव, अभय विश्वकर्मा और निशा बीजू दासन नगर पंचायत जरही से संबंधित हैं।
कांग्रेस के इस फैसले के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच इस निर्णय को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग इसे संगठन को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम मान रहे हैं, वहीं कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी दिखाई दे रही है।
निष्कासित नेताओं की वापसी के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम जनता के बीच भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। आगामी राजनीतिक समीकरणों और संगठनात्मक रणनीतियों के लिहाज से इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

