बिजली कटौती और बढ़े बिल के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, विभाग का किया घेराव
शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए बिजली विभाग का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता विभाग के दफ्तर में घुसने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मुख्य गेट के बाहर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बिजली कटौती से जनता बेहाल, बिल भी बढ़े – कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद बिजली कटौती की समस्या गंभीर होती जा रही है। दिनभर में 8 से 10 बार बिजली गुल हो रही है, जिससे आम जनता खासा परेशान है। साथ ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की “बिजली बिल हाफ” योजना को भी बंद कर दिया गया है, जिसके कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल अब दोगुने आ रहे हैं।
भाजपा सरकार पर जेब काटने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की जेब पर डाका डाल रही है और महंगाई को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत नहीं दी गई, तो कांग्रेस चरणबद्ध तरीके से बड़े आंदोलन की ओर बढ़ेगी।
