फिल्म सिटी के नाम पर हरियाली का ‘कत्ल’.. कांग्रेस ने गड्ढों में उतरकर किया धरना!
Raipur: राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित तूता क्षेत्र में प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है। फिल्म सिटी के लिए करीब 1500 पेड़ों की कटाई के निर्णय के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को अनोखा प्रदर्शन किया। पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता निर्माण स्थल पर खोदे गए गड्ढों में उतर गए और सरकार के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि नवा रायपुर को “ग्रीन सिटी” के रूप में विकसित किया गया है और यहां मौजूद परिपक्व पेड़ इसकी पहचान हैं। उनका आरोप है कि एक साथ बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई से पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ेगा, तापमान बढ़ेगा और जैव विविधता को नुकसान पहुंचेगा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि तूता क्षेत्र अपनी प्राकृतिक हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। ऐसे में यहां बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई कर कंक्रीट संरचनाएं खड़ी करना गंभीर पर्यावरणीय चिंता का विषय है। इसी विरोध में कार्यकर्ता उन गड्ढों में उतरे, जहां निर्माण कार्य के लिए पेड़ों को हटाया गया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता पंकज शर्मा और जिला अध्यक्ष कुमार मेनन ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर हरियाली का “कत्ल” कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास परियोजना को लागू करने से पहले पर्यावरणीय प्रभाव और स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
गौरतलब है कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी को राज्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है, लेकिन पेड़ों की कटाई को लेकर उठे सवालों ने विकास बनाम पर्यावरण की बहस को फिर से केंद्र में ला दिया है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

