कांग्रेस नेता के भतीजे ने की खुदकुशी : नीट में असफलता से डिप्रेशन में था संस्कार सिंह

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बिल्डर चित्रसेन सिंह के बेटे संस्कार सिंह (20 वर्ष) ने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि संस्कार भोपाल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और लगातार असफलता के कारण डिप्रेशन में चल रहा था। सुसाइड करने वाला युवक पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबी कांग्रेस नेता अजय सिंह का भतीजा है।

घटना ऐसे हुई

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे संस्कार ग्राउंड फ्लोर से अपने कमरे (दूसरी मंजिल) पर गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद उसने लाइसेंसी बंदूक को गर्दन से सटाकर फायर कर दिया। गोली जबड़े को चीरते हुए निकल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन दौड़े, लेकिन जब दरवाजा खोला तो संस्कार खून से लथपथ फर्श पर पड़ा मिला। कमरे में हर जगह खून फैला हुआ था।

डिप्रेशन से जूझ रहा था संस्कार

संस्कार ने करीब दो साल पहले 12वीं पास की थी और तभी से मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा था। चयन न होने के कारण वह मानसिक दबाव में था। रविवार को उसे भोपाल लौटकर कोचिंग जॉइन करनी थी, लेकिन उससे पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बंदूक जब्त कर ली है और परिजनों से पूछताछ कर रही है। सरकंडा थाना प्रभारी नीलेश पांडे ने बताया कि आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है, हालांकि डिप्रेशन को मुख्य वजह माना जा रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया है।

मृतक संस्कार सिंह
Youthwings