नवरात्रि से पहले डोंगरगढ़ में कमर्शियल गैस संकट, होटल संचालकों ने प्रशासन से लगाई गुहार

डोंगरगढ़ में कमर्शियल गैस संकट

डोंगरगढ़ में कमर्शियल गैस संकट

धार्मिक नगरी डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्रि से पहले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी ने होटल और भोजनालय संचालकों की चिंता बढ़ा दी है। शहर में पिछले करीब 10 से 12 दिनों से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित बताई जा रही है, जिसके चलते कई होटल संचालकों के सामने अपना व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया है।

गैस नहीं मिलने से बंद होने की कगार पर होटल

होटल और ढाबा संचालकों का कहना है कि कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिलने के कारण रसोई संचालन में दिक्कत आ रही है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने पर प्रशासनिक कार्रवाई का डर बना रहता है। ऐसे में उनके सामने होटल बंद करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बच रहा है। व्यवसायियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो चैत्र नवरात्रि के दौरान शहर के कई होटल और भोजनालय बंद हो सकते हैं।

होटल व्यवसायियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

समस्या से परेशान होटल संचालक सोमवार को कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। व्यवसायियों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में होटल और भोजनालयों का बंद होना शहर की व्यवस्था पर भी असर डाल सकता है।

मां बम्लेश्वरी मंदिर में बढ़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान शहर के होटल, ढाबे और भोजनालय यात्रियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था करते हैं। लेकिन गैस की कमी बनी रही तो श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्थाओं पर भी असर की आशंका

नवरात्रि के दौरान मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रसाद वितरण, भंडारा और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए बड़ी मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की जरूरत पड़ती है। ऐसे में गैस की कमी मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी प्रभावित कर सकती है।

प्रशासन ने समस्या के समाधान का दिया भरोसा

इस पूरे मामले पर एसडीएम एम. भार्गव ने कहा कि गैस सिलेंडरों की कमी की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है, ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

read more : दंतेवाड़ा में चलती कार में लगी भीषण आग, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

Youthwings